- नकल विहीन परीक्षा पर रहेगा सख्त निगरानी तंत्र
- एआई कैमरा व बायोमैट्रिक सिस्टम से होगी परीक्षा केंद्रों की रियल टाइम मॉनिटरिंग
प्रयागराज / लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता एवं नकल विहीन संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोग के प्रयागराज कार्यालय में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम का उद्घाटन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रबंध निदेशक, आयोग के सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नवस्थापित इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के माध्यम से आगामी परीक्षाओं के सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष एवं वहां उपस्थित अभ्यर्थियों की निगरानी अत्याधुनिक एआई कैमरों द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास की गतिविधियों पर भी सतत नजर रखी जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता को तत्काल चिन्हित किया जा सके।
इस कंट्रोल रूम से अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति एवं सत्यापन की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण एवं रिकॉर्ड आयोग कार्यालय में उपलब्ध रहेगा। इससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में नियंत्रण कक्ष से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
