मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद गौतमबुद्धनगर में विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत ‘कोई मतदाता न छूटे’ के ध्येय वाक्य को साकार करने के लिए 29 नवम्बर (रविवार) को प्रदेशभर में चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहे और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम एवं विवरण में संशोधन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 29 नवम्बर (रविवार) को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जनपद गौतमबुद्ध नगर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 61-नोएडा के अन्तर्गत राजकीय इंटर कॉलेज व कम्पोजिट विद्यालय सैक्टर-12, प्राथमिक विद्यालय व समरविले स्कूल, सेक्टर-22, हाई राइज़ सोसाइटी लोटस पनाश सेक्टर-110 एवं पार्क्स लॉरिएट सेक्टर-108 मतदान केन्द्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता, मतदाताओं की सहभागिता तथा राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के सहयोग की स्थिति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बूथ लेवल एजेंट, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन/एओए के पदाधिकारियों एवं नागरिकों से संवाद कर अभियान के संबंध में उनकी जानकारी और अनुभव जाने।

28 नवंबर को रिकॉर्ड 7.15 लाख फॉर्म-6 जमा, 29 नवंबर को भी आवेदन बढ़ने का अनुमान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों का उद्देश्य केवल मतदाता सूची में नाम जोड़ना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची से संबंधित नियमों, विभिन्न प्रकार के फार्मों की जानकारी तथा आयोग द्वारा नागरिकों को प्रदान की जानी वाली ऑनलाइन सुविधाओं यथा नागरिक सेवा पोर्टल, ECINET ऐप आदि के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों के साथ उनके सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, रोल प्रेक्षक/मंडलायुक्त भी विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान की निगरानी कर रहे हैं, ताकि पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि विगत दिवस 28 नवम्बर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में पूरे प्रदेश में एक ही दिन में रिकॉर्ड 7 लाख 15 हजार फॉर्म-6 प्राप्त हुए। इससे पूर्व 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में लगभग 4 लाख 20 हजार तथा 22 नवंबर को लगभग 3 लाख 99 हजार फॉर्म-6 प्राप्त हुए थे। इस प्रकार आज भी विभिन्न बूथों पर नागरिकों में उत्साह और सहभागिता के देखते हुए 29 नवंबर के विशेष अभियान दिवस में भी अब तक का सर्वाधिक आवेदन प्राप्त होने का अनुमान है।
16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, महिलाएं और युवा ऑनलाइन करें आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनके नाम अभी भी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। यदि इसी प्रकार नागरिक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं आरडब्ल्यूए सक्रिय सहभागिता करते रहे तो 16 दिसंबर तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकेंगे। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं एवं युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन दोनों वर्गों की मतदाता सूची में सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए ईसीआईनेट (ECINET) ऐप तथा नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी आवेदन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाएं उपलब्ध हैं। मतदाता अपने आवेदन का रेफरेंस नंबर डालकर उसकी स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं। विशेष अभियान दिवसों के माध्यम से नागरिकों को इन डिजिटल सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने एवं परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में ऑनलाइन भी जांच सकते हैं। इसके लिए नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। पोर्टल अथवा ऐप पर उपलब्ध सेवाओं का उपयोग करने के लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण जांच सकते हैं। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन अथवा निवास स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदाता सूची में दिव्यांग के रूप में चिह्नित मतदाता निर्वाचन के दौरान ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी से व्हीलचेयर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अनुरोध कर सकते हैं। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को निर्धारित प्रावधानों के अंतर्गत घर पर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

इसी प्रकार 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत घर पर मतदान की सुविधा प्रदान की जाती है। इसके लिए निर्वाचन की घोषणा के बाद निर्धारित समयावधि में फॉर्म-12डी भरकर आवेदन करना होता है। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान दिवसों के माध्यम से इन सुविधाओं की जानकारी भी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग सुगमता से कर सकें। विशेष अभियान दिवस के दौरान कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर अभियान की व्यवस्थाओं एवं प्रगति का स्थलीय सत्यापन किया।
बीएलओ की कार्यप्रणाली और मतदाता सहायता डेस्क का निरीक्षण, नाम जांचकर फॉर्म-6 व 8 से करें आवेदन
विभिन्न जनपदों में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ की उपस्थिति, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की उपलब्धता, आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता तथा बीएलओ द्वारा की जा रही टेबल टॉप एक्सरसाइज एवं पंचायत/स्थानीय निकाय की सूची से मिलान की समीक्षा की। आवेदन करने वाले नागरिकों को फार्म भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने सभी पात्र नागरिकों विशेष कर युवाओं एवं महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ के लंबित प्रकरणों, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान तथा मतदेय स्थलों पर स्थापित मतदाता सहायता डेस्क की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे। यदि प्रविष्टियों संबंधी कोई त्रुटि है, तो फॉर्म-8 भरकर सुधार कर सकते हैं। प्रदेश की मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें।
