हर बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी आलेख्य मतदाता सूची
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत प्रदेश के सभी 75 जनपदों की 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवम्बर, 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जनपद स्तर पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी। इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा एवं जानकारी के लिए आलेख्य मतदाता सूची संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा भी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इन बैठकों में प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति किए जाने का अनुरोध भी किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में राजनैतिक दलों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि 1,73,730 मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों के पास आमजन को दिखाने हेतु प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। जिसका उनके द्वारा 17 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक टेबल टॉप एक्सरसाइज कर त्रुटियाँ को चिन्हित कर नियमानुसार अग्रतर कार्यवाही भी की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के साथ ही सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना है। इस कार्य में राजनैतिक दलों एवं आम नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
