अभ्यर्थी पोर्टल पर देख सकेंगे आवंटित शहर
लखनऊ/ प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने ‘विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा’ (Special TET – विज्ञापन संख्या 03/2026) की परीक्षा तिथि और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि स्पेशल टीईटी की लिखित परीक्षा आगामी 03 नवंबर 2026 को प्रदेश के 6 प्रमुख मंडल मुख्यालयों—प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा में आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी। उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा इस परीक्षा हेतु आधिकारिक विज्ञापन 05 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था।
आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और समयबद्ध यात्रा प्रबंधन के दृष्टिगत आवंटित परीक्षा जनपद (Exam City Intimation) का विवरण आयोग की अधिकृत वेबसाइट http://upessc.up. gov.in/ पर प्रदर्शित कर दिया गया है। संबंधित अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए लिंक पर जाकर अपनी वांछित प्रविष्टियां (लॉगिन विवरण) अंकित करते हुए अपने आवंटित परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
वेबसाइट पर प्रदर्शित यह विवरण केवल परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना है, इसे किसी भी स्थिति में प्रवेश पत्र (Admit Card) न माना जाए। परीक्षा हेतु मूल प्रवेश पत्र दिनांक 31 अक्टूबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे। किसी भी अभ्यर्थी को वैध प्रवेश पत्र और निर्धारित पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी।
