TN

TotaRam News

What's Hot

UP में दवाओं की MRP का बड़ा अंतर, FSDA जांच में 214 अस्पतालों की फार्मेसियों के आंकड़े सामने

Table of Content

टेनक्टेरेल में रू0 5,940.86, इनोंजा में रू0 27,390 और एल्बुसेल में रू0 3,003 तक का अंतर

लखनऊ। दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता को लेकर उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। प्रदेश के 214 अस्पतालों की फार्मेसियों से जुटाए गए आंकड़ों के विश्लेषण में एक ही कंपनी और एक ही ब्रांड की दवा की अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में अलग-अलग एमआरपी दर्ज मिली है। 167 औषधियों की सूची में से कई प्रमुख ब्रांड की दवाओं में यह अंतर कुछ सौ रुपये से लेकर हजारों रुपये तक है। इनमें महंगी और गंभीर रोगों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं भी शामिल हैं।

एफएसडीए ने विगत दिनों ड्रग सेफ्टी के तहत प्रदेश के 214 अस्पतालों की फार्मेसियों की जांच की थी। इस दौरान विभिन्न दवाओं और मेडिकल उत्पादों से संबंधित आंकड़े जुटाए गए। तुलनात्मक अध्ययन में खास तौर पर यह देखा गया कि एक ही कंपनी और एक ही ब्रांड की दवा जब अलग-अलग संस्थानों को संस्थागत आपूर्ति के रूप में दी गई, तो उस पर अंकित एमआरपी में क्या अंतर है। जांच में सामने आए इन अंतर को विभाग ने दवा कीमतों में पारदर्शिता और मरीजों के हित के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना है। विभाग के द्वारा तैयार की गई 167 दवाओं की सूची भारत सरकार के साथ भी साझा की गई है।

एक ही दवा पर एमआरपी अलग होना बना जांच का अहम बिंदु

विभाग के अनुसार, एक ही ब्रांड और एक ही दवा की अलग-अलग प्रतिष्ठानों में अलग-अलग एमआरपी होना उपभोक्ता मूल्य निर्धारण में गंभीर अनियमितता की ओर संकेत करता है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कीमतों में वार्षिक संशोधन की गुंजाइश है, लेकिन किसी भी वृद्धि को 10 प्रतिशत की सीमा के भीतर ही रखा जाना चाहिए। इसके विपरीत, अलग-अलग संस्थानों में एक ही उत्पाद की एमआरपी में बड़ा अंतर यह संकेत देता है कि कीमतें किसी एक समान मानक के आधार पर निर्धारित होने के बजाय बाजार की मांग और खरीदार की जरूरत के अनुसार प्रभावित की जा रही हैं। एफएसडीए की जांच में सामने आया है कि एक ही दवा की अलग-अलग एमआरपी कई बार फार्मा कंपनियों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच तय होने वाली व्यावसायिक शर्तों से प्रभावित होती हैं। इससे ट्रेड मार्जिन बढ़ने और दवाओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि का असर सीधे मरीजों और आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ता है।इसी पहलू को केंद्र में रखकर एफएसडीए ने संस्थागत आपूर्ति के दौरान अलग-अलग संस्थानों को उपलब्ध कराई गई समान दवाओं की एमआरपी का तुलनात्मक अध्ययन किया है।

टेनक्टेरेल पर रू0 5,940.86 तक का अंतर

जांच में रिलायंस लाइफसाइंस की टेनक्टे-प्लेज 40 एमजी (टेनक्टेरेल) की अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में एमआरपी रू0 43,119.14 से रू0 49,060 तक दर्ज मिली। यानी एक ही ब्रांड की इस दवा पर अंकित एमआरपी में रू0 5,940.86 तक का अंतर सामने आया। इसी कंपनी की ह्यूमन एल्बुमिन 20 प्रतिशत (एल्बुराल) की अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में एमआरपी रू0 7,986, रू0 9,749 और रू0 10,724 दर्ज है। इनमें अंकित एमआरपी के बीच रू0 2,738 का अंतर है।
एल्बुसेल में रू0 3,003 का अंतर

इंटास की ह्यूमन एल्बुमिन 20 प्रतिशत (एल्बुसेल) की अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में एमआरपी रू0 7,986 और रू0 10,989 दर्ज मिली। यानी एमआरपी में रू0 3,003 का अंतर है। इसी तरह इंटास की बेवासिजुमैब 400 एमजी (बेनेटास) पर अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में रू0 56,991 और रू0 62,690.10 की एमआरपी दर्ज है। दोनों के बीच रू0 5,699.10 का अंतर है। फिलग्रास्टिम 300 एमसीजी (न्यूकाइन) में भी रू0 591.37 और रू0 1,247 की एमआरपी दर्ज मिली, यानी रू0 655.63 का अंतर।

इनोंजा की एमआरपी में रू0 27,390 का अंतर

जांच में एमआरपी के अंतर का सबसे बड़ा उदाहरण फाइजर की इनोटुजुमैब ओजोगामाइसिन 1 एमजी (इनोंजा) में सामने आया। अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में इस दवा पर रू0 3,02,610 और रू0 3,30,000 की एमआरपी दर्ज है। यानी दोनों के बीच रू0 27,390 का अंतर है। एमआरपी पैक पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य होता है। ऐसे में एक ही कंपनी और एक ही ब्रांड की दवा पर अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में अलग-अलग एमआरपी का दर्ज होना दवा मूल्य व्यवस्था में पारदर्शिता के लिहाज से महत्वपूर्ण विषय बन जाता है।

गुफिक की कई दवाओं पर भी अलग-अलग एमआरपी

गुफिक बायोसाइंसेज की कई दवाओं की अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में भी एमआरपी में अंतर सामने आया है। कोलिस्टिमेथेट 4.5 एमआईयू की एमआरपी रू0 8,018.44 से रू0 9,702.31 तक दर्ज हुई, यानी रू0 1,683.87 का अंतर। कोलिस्टिमेथेट 2 एमआईयू की एमआरपी रू0 3,195.94 से रू0 3,866.16 तक मिली, जिसमें रू0 670.22 का अंतर है। टाइगेसाइक्लिन 50 एमजी पर रू0 5,784 और रू0 7,110.47 की एमआरपी दर्ज मिली, जबकि कैस्पोफंगिन 70 एमजी पर रू0 20,350 और रू0 21,230 की एमआरपी दर्ज है। इसी तरह पॉलीमॉक्सिन बी 5 लाख आईयू पर अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में करीब रू0 3,811 से रू0 4,980.94 तक की एमआरपी दर्ज मिली। एज्ट्रियोनाम 2 ग्राम (ट्रेजाम) में रू0 1,874.06 और रू0 1,999, जबकि टर्लिप्रेसिन इंजेक्शन में रू0 2,600 और रू0 3,050 की एमआरपी दर्ज हुई।

कई अन्य प्रमुख दवाओं में भी अंतर

जांच में सनोफी पाश्चर की मेनैक्ट्रा वैक्सीन की एमआरपी में रू0 250, भारत सीरम्स की एंटी-डी 300 एमसीजी में रू0 297 और बायोलॉजिकल ई की 14-वैलेंट न्यूमोकोकल वैक्सीन में रू0 335 का अंतर दर्ज हुआ। वहीं समर्थ लाइफसाइंसेज की ऑक्ट्रीओटाइड 100 एमसीजी (एक्टाइड) में रू0 73.33 का अंतर सामने आया।

अस्पतालों को वास्तविक क्रय दर और विक्रय दर घोषित करनी होगी

दवा कीमतों में पारदर्शिता को और मजबूत करने के लिए यूपीएफएसडीए ने स्थानीय स्तर पर अस्पताल परिसर में संचालित फार्मेसियों में प्राइसिंग डिस्क्लोजर की व्यवस्था पर जोर दिया है। विभाग द्वारा दवा के विक्रय दर या हॉस्पिटल मार्जिन को निर्धारित नहीं किया जा रहा है, लेकिन मरीजों के हित में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पताल फार्मेसी दवा की वास्तविक क्रय दर यानी पीटीआर (प्राइस टू रिटेलर) और मरीज को दवा जिस दर पर उपलब्ध कराई जा रही है, यानी पीटीसी (प्राइस टू कंज्यूमर), स्पष्ट रूप से घोषित करे। इससे मरीज और तीमारदार यह जान सकेंगे कि संबंधित दवा अस्पताल ने किस दर पर खरीदी और उसे किस दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे दवा की कीमतों में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा खरीद और बिक्री दर का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही सभी रिटेल फार्मेसियों को एक सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करनी होगी, जिस पर लाइसेंस नंबर, नियुक्त फार्मासिस्ट, लाइसेंस प्राप्त परिसर और स्टॉक से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इस जानकारी को प्रत्येक सप्ताह अपडेट करना होगा। इसके अनुपालन के लिए औषधि निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की फार्मेसियों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

व्यापक जनहित में पारदर्शी व्यवस्था पर जोर

एफएसडीए की इस पूरी पहल का केंद्र दवा की कीमत तय करना नहीं, बल्कि कीमतों को पारदर्शी बनाना है। एक ही कंपनी और एक ही ब्रांड की दवा पर अलग-अलग संस्थागत आपूर्ति में अलग-अलग एमआरपी दर्ज होने के मामले सामने आने के बाद विभाग ने इस विषय को व्यवस्थित तरीके से उठाया है। चूंकि दवाओं की सटीक रिटेल कीमत तय करने, सप्लाई चेन में ट्रेड मार्जिन निर्धारित करने और अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली दवाओं को प्राइस कंट्रोल्ड शेड्यूल्ड लिस्ट में शामिल करने जैसे निर्णय केंद्र सरकार के स्तर पर लिए जाने हैं, इसलिए इन मुद्दों पर भारत सरकार और एनपीपीए (राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण) से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। इसके तहत दवाओं की रिटेल कीमत तय करने के लिए एक वैज्ञानिक एवं पारदर्शी प्रणाली विकसित करने, दवा आपूर्ति श्रृंखला में उचित ट्रेड मार्जिन निर्धारित करने तथा अस्पतालों में उपयोग होने वाली दवाओं को मूल्य नियंत्रित अनुसूचित सूची में शामिल करने पर विचार करने का आग्रह किया गया है।

totaramnews1@gmail.com

totaramnews1@gmail.com http://totaram.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित, 04 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन

मतदाता सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर...

LDA Lucknow: नैमिष नगर से IIM रोड तक 9.9 KM ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण शुरू, ₹53 करोड़ होंगे खर्च

9.9 KM लंबा ग्रीन कॉरिडोर आईआईएम रोड से नैमिष नगर होते हुए रैथा रोड से कनेक्ट होगा लखनऊ। किसान पथ से आईआईएम रोड के मध्य आकार ले रहा ग्रीन कॉरिडोर अब सीधा नैमिष नगर से कनेक्ट होगा। इसके लिए आईआईएम रोड (घैला पुल) से नैमिष नगर के बीच 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर रूट का काम...

Global Handwashing Day 2026: लखनऊ के स्कूलों में बच्चों को सिखाया हाथ धोने का सही तरीका

लखनऊ के CHC में जागरूकता कार्यक्रम लखनऊ। ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे के अवसर पर बृहस्पतिवार को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिल्वर जुबली और ग्रामीण सीएचसी काकोरी सहित जनपद के सभी ग्रामीण एवं नगरीय सीएचसी के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को हाथ धोने का सही...

UP Economy: वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य पर मंत्री ए.के. शर्मा की समीक्षा बैठक, नगर विकास और ऊर्जा विभाग को निर्देश

ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और मूल्य संवर्धन की संभावनाएं तलाशें लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य को गति देने के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की भूमिका और योगदान को और अधिक प्रभावी बनाने के दृष्टिगत संगम सभागार (लखनऊ) में एक...

UP Assistant Teacher Recruitment 2026: 12,405 पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, 28 अक्टूबर तक करें अप्लाई

लिखित परीक्षा 3 व 4 दिसंबर को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी लखनऊ/ प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से सम्बद्ध प्राइमरी तथा बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय नगरीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 12,405 पदों पर चयन हेतु चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की अंतिम...

TN

TOTARAM News

तोताराम न्यूज़ – सच्ची, सरल और ट्रेंडिंग  खबरों का नया ठिकाना।
यहाँ हर खबर मिलेगी बिना तोड़-मरोड़ के, सीधे जनता की आवाज़ के साथ।.

क्विक लिंक्स

पॉपुलर कैटेगरीज़

अवश्य पढ़ें

©2025– TotaRam.news All Right Reserved.