लखनऊ। निवेश के नाम पर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सैकड़ों करोड़ रुपये की ठगी कर फरार हुए शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर राशिद नसीम को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुरोध पर दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उसे प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत जल्द भारत लाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि 2019 में देश छोड़कर दुबई भागे राशिद नसीम के खिलाफ ईडी और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कार्रवाई तेज करते हुए यूएई प्रशासन से प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। इसी के आधार पर दुबई पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
लखनऊ की विशेष PMLA अदालत ने अप्रैल 2025 में राशिद नसीम को भगोड़ा घोषित किया था। उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और निवेशकों से धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं। वह शाइन सिटी ग्रुप के जरिए प्लॉट और निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों से धन जुटाकर फरार हो गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, राशिद नसीम और उसके सहयोगियों ने उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में निवेशकों से सैकड़ों करोड़ रुपये एकत्र किए। मामले के खुलासे के बाद उसकी प्रयागराज, लखनऊ समेत कई जिलों में स्थित अवैध संपत्तियों को पहले ही जब्त किया जा चुका है। प्रशासन ने उस पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। अब ईडी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त कार्रवाई के बाद उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही उसे यूएई से भारत लाया जाएगा, जहां उससे व्यापक पूछताछ की जाएगी और आगे की न्यायिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब हो कि रशीद के खिलाफ सैकड़ों एफआईआर दर्ज हैं।
