डेस्क। पश्चिम एशिया संकट के कारण रसोई गैस (LPG) के बाद अब पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचने वाली प्राकृतिक गैस (PNG) की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो गई है। दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ कानपुर, मेरठ, अजमेर जैसे शहरों में पीएनजी की आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने 1 अप्रैल 2026 से नई दरें लागू कर दी हैं। दिल्ली में अब पीएनजी की कीमत 49.59 रुपए प्रति मानक घन मीटर (SCM) हो गई है, जबकि जनवरी 2026 में यह 47.89 रुपए प्रति SCM थी। यानी राजधानी में पीएनजी की कीमत 1.70 रुपए प्रति SCM बढ़ गई है।
एनसीआर के अन्य शहरों में भी कीमत में 1.70 रुपए प्रति SCM का इजाफा हुआ है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में पीएनजी की कीमत 47.76 रुपए से बढ़ाकर 49.46 रुपए कर दी गई है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में 47.35 रुपए से बढ़ाकर 48.35 रुपए; अजमेर, पाली और राजसमंद में 47.27 रुपए से 48.27 रुपए; तथा कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर और चित्रकूट में 47.95 रुपए से बढ़ाकर 48.95 रुपए कर दी गई है।
सात मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इसके अलावा वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम लगातार तीन चरणों में बढ़े हैं। पहले एक मार्च को कीमत बढ़ाई गई, फिर सात मार्च को और इसके बाद एक अप्रैल को वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में कुल मिलाकर 338 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। इस बढ़ोतरी का असर उद्योगों और व्यापारिक उपभोक्ताओं पर भी पड़ा है, क्योंकि वाणिज्यिक सिलेंडर का उपयोग रेस्तरां, होटल और अन्य व्यवसायिक संस्थान नियमित रूप से करते हैं। इस तरह लगातार मूल्य वृद्धि ने घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के उपयोगकर्ताओं की लागत बढ़ा दी है।
