छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
लखनऊ। आइडियल पी जी कालेज के प्रांगण में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता शुक्ला, कार्यक्रम अधिकारी, रुचि सिंह एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों तथा उनसे होने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जागरूकता एवं राष्ट्रहित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं द्वारा एक-एक पौधा लगाकर पौधरोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
