खाद्य प्रसंस्करण संस्थान में टॉपर छात्रों का सम्मान
लखनऊ। राजकीय खाद्य प्रसंस्करण एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, लखनऊ द्वारा एम.एससी. खाद्य प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को खाद्य प्रसंस्करण विभाग में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बी.एल. मीणा, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन रहे। कार्यक्रम में राजकमल यादव, विशेष सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सृष्टि धवन, संयुक्त निदेशक (प्रशासन), उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा डॉ. सर्वेश कुमार, संयुक्त निदेशक, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उपस्थित रहे। साथ ही डॉ. महिपाल सिंह, संयुक्त निदेशक, खाद्य प्रसंस्करण की भी उपस्थिति रही।

केशव प्रसाद मौर्य ने खाद्य प्रौद्योगिकी के टॉपर छात्रों को दी बधाई
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने एक संदेश में एम.एससी. खाद्य प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने पर संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सन्देश में उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान, तकनीकी दक्षता और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे में खाद्य प्रौद्योगिकी के विशेषज्ञ युवाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों को अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ते हुए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की नई संभावनाओं पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण खाद्य प्रसंस्करण से कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य संवर्धन होने के साथ किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी सहायता मिलती है। उन्होंने संस्थान से अपेक्षा की है कि वह आने वाले वर्षों में खाद्य प्रसंस्करण एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न बैचों के उत्कृष्ट एवं टॉपर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । उन्होंने कहा कि संस्थान की दस वर्ष की शैक्षणिक यात्रा उपलब्धियों और अनुभवों से समृद्ध रही है तथा यह अवसर पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी के विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगा। समारोह में संस्थान के शिक्षकों एवं अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ. राम राखा, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, डॉ. हरीश कुमार, मुख्य अनुदेशक तथा श्री मनोज कुमार प्रचेता, बायोकेमिस्ट्री सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
MSc खाद्य प्रौद्योगिकी के टॉपर छात्रों का सम्मान, फ्रेशर्स का हुआ स्वागत
समारोह में एम.एससी. खाद्य प्रौद्योगिकी की दस वर्ष की शैक्षणिक यात्रा, संस्थान की उपलब्धियों तथा खाद्य प्रसंस्करण एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विद्यार्थियों के योगदान पर प्रकाश डाला गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता एवं तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एम.एससी. खाद्य प्रौद्योगिकी के विभिन्न बैचों के कॉलेज टॉपर एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा। पाठ्यक्रम की दस वर्ष की शैक्षणिक यात्रा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में आकांक्षा सोनी, प्रथम कॉलेज टॉपर, बैच 2015–17; ईशान फ़ारूक़ी, बैच 2017–19; सौम्या अविरल मिश्रा, प्रथम गोल्ड मेडलिस्ट, बैच 2018–20; कामिनी यादव, बैच 2020–22; निष्ठा मिश्रा, बैच 2021–23 तथा दिव्या सिंह, कॉलेज टॉपर, बैच 2022–24 शामिल रहीं।
इन विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सम्मान समारोह के माध्यम से वर्तमान विद्यार्थियों को भी शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।समारोह के दूसरे चरण में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रचनात्मक कार्यक्रम एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां प्रस्तुत की गईं। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन एवं उपलब्धियों से परिचित कराया।
कार्यक्रम ने एम.एससी. खाद्य प्रौद्योगिकी के दस वर्षों की उपलब्धिपूर्ण यात्रा, पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के जुड़ाव तथा नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के स्वागत को एक साथ जोड़ते हुए संस्थान में उत्सव एवं गौरव का वातावरण निर्मित किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
