भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर किसानों एवं व्यापारियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
लखनऊ। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार शाम सीतापुर रोड मंडी एक हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। योगी सरकार की पहल पर संचालित ‘स्वच्छ मण्डी–शुभ मण्डी’ अभियान के अंतर्गत आयोजित दीपोत्सव में किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, पल्लेदारों और मंडी श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीपों की आकर्षक सजावट से पूरा मंडी परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीरज बोरा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों एवं व्यापारियों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मंडी समिति लखनऊ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, पल्लेदारों एवं मंडी से जुड़े सभी लोगों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इसके उपरांत मंडी परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर स्वच्छता, समृद्धि और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और व्यापारियों का सम्मान
सम्मान समारोह में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान ज्ञानेंद्र, छेदी लाल और मनोज कुमार को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं व्यापारिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रिंकू कुमार, शिखर सोनकर और राम किशन को भी सम्मानित किया गया।
किसानों की समृद्धि से ही प्रदेश की खुशहाली : डॉ. नीरज बोरा
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किसानों और व्यापारियों को प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि से ही प्रदेश की खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंडियों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों की प्रगति में किसानों और व्यापारियों के साथ आढ़तियों, पल्लेदारों एवं श्रमिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। ‘स्वच्छ मण्डी–शुभ मण्डी’ अभियान मंडियों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ सभी वर्गों की सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल है।

दीपों की जगमगाहट के बीच स्वच्छता और समृद्धि का संदेश
अभियान के अंतर्गत मंडी परिसर को लगभग एक हजार दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। दीपोत्सव में किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, पल्लेदारों, तौल कर्मियों, परिवहन कार्य से जुड़े लोगों और मंडी कर्मचारियों ने सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से मंडी से जुड़े सभी वर्गों की खुशहाली, आपसी सहयोग और स्वच्छता का संदेश दिया गया।

