बैंक अवकाश के चलते 03 दिन आगे बढ़ाई गई पंजीकरण की तिथि
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजनाओं (वरुण विहार एवं नैमिष नगर योजना) के अंतर्गत भूखण्डों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 03 दिन बढ़ा दी गई है। बैंक अवकाश एवं आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब इच्छुक लोग 27 अक्टूबर, 2026 तक पंजीकरण करा सकेंगे। दोनों योजनाओं को लेकर अभी तक आवेदकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि माह के चौथे शनिवार एवं रविवार को बैंकों में साप्ताहिक अवकाश के कारण आवेदकों को पंजीकरण धनराशि जमा करने में असुविधा हो सकती थी। इसे ध्यान में रखते हुए पंजीकरण की अंतिम तिथि 03 दिन बढ़ाकर 27 अक्टूबर, 2026 कर दी गई है, ताकि इच्छुक आवेदकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके। उन्होंने बताया कि भूखण्डों के लिए पंजीकरण सिर्फ प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से ही कराया जा सकेगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि वरुण विहार एवं नैमिष नगर योजनाओं में आवेदन करने वाले जो आवेदक एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुनेंगे, उन्हें भूखण्डों के आवंटन में वरीयता प्रदान की जाएगी।
नैमिष नगर योजना
सीतापुर रोड पर 4,100 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही नैमिष नगर योजना के प्रथम चरण में ब्रह्म खण्ड, भूमि खण्ड फेज-1 एवं भूमि खण्ड फेज- 2 में कुल 1,673 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला गया है। इसमें 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड उपलब्ध हैं। इस योजना में भूखण्ड की दर 3,800 रुपये प्रति वर्गफीट है।
वरुण विहार योजना
आगरा एक्सप्रेस-वे के निकट 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही वरुण विहार योजना के प्रथम चरण काशी खण्ड, कैलाश खण्ड फेज-1 एवं कैलाश खण्ड फेज-2 में कुल 2,847 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला गया है। इसमें 112.5 वर्ग मीटर से 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड उपलब्ध हैं। इस योजना में भूखण्ड की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफीट है।
