इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में हुआ लॉटरी ड्रा
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सोमवार को अनंत नगर आवासीय योजना के 447 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में हुये इस आयोजन में 7,314 आवेदकों के मध्य लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकाली गयीं। लॉटरी में अपने नाम की पर्ची निकलने पर आवेदकों के चेहरे खिल उठे। अब मंगलवार को अन्य श्रेणी के भूखण्डों की लॉटरी निकाली जाएगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि अनंत नगर योजना में पहले 04 चरणों में लगभग 1700 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 35 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। पांचवें चरण में आशीष खण्ड के कुल 520 भूखण्डों के लिए 09 अगस्त से 09 सितम्बर, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसके सापेक्ष 8,728 लोगों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया था।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में लॉटरी ड्रा का आयोजन किया गया। पहले दिन 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 447 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया गया। अब मंगलवार को 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 35 एवं 162 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 38 भूखण्डों का लॉटरी ड्रा किया जाएगा। इस मौके पर संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार एवं अतुल कृष्ण सिंह, विशेष कार्याधिकारी रोहित सिंह एवं अनुभाग अधिकारी अतुल कपूर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अनंत नगर योजना की विशेषताएं
- उत्कृष्ट सडकों का नेटवर्क
- 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस
- स्वच्छ जल आपूर्ति
- भूमिगत लाइनों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति
- ईवी चार्जिंग स्टेशन
- सामुदायिक केन्द्र
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट
- जीरो लिक्विड डिस्चार्ज
