इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में हुआ लॉटरी ड्रा
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को अनंत नगर आवासीय योजना के 73 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में हुये इस आयोजन में 1,414 आवेदकों के मध्य लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकाली गयीं। लॉटरी में अपने नाम की पर्ची निकलने पर आवेदकों के चेहरे खिल उठे। इसे मिलाकर योजना के पांचवें चरण में कुल 520 भूखण्डों का सफलतापूर्वक आवंटन किया गया है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अनंत नगर योजना में पहले 04 चरणों में लगभग 1700 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 35 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। पांचवें चरण में आशीष खण्ड के कुल 520 भूखण्डों के लिए 09 अगस्त से 09 सितम्बर, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसके सापेक्ष कुल 8,727 आवेदन प्राप्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि इस 02 दिवसीय लॉटरी के पहले दिन सोमवार को 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 447 भूखण्डों की लॉटरी 7,314 आवेदकों के मध्य निकाली गयी। वहीं, मंगलवार को 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 35 एवं 162 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 38 भूखण्डों का लॉटरी ड्रा से आवंटन किया गया। अब जल्द ही आवंटियों को आवंटन पत्र निर्गत किये जाएंगे।
