फॉरेंसिक जांच और DNA प्रोफाइलिंग को मिलेगी नई गति
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग में स्थापित डीएनए फिंगरप्रिंटिंग प्रयोगशाला – फॉरेंसिक जेनेटिक्स एवं मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स का उद्घाटन शुक्रवार को कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद के कर-कमलों द्वारा किया गया। यह प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में स्थापित अपनी तरह की पहली डीएनए फिंगरप्रिंटिंग प्रयोगशाला है। इस अवसर पर 23 एवं 24 अक्टूबर को फॉरेंसिक डीएनए प्रोफाइलिंग पर दो दिवसीय व्यावहारिक कार्यशाला का आयोजन भी किया जा रहा है।
केजीएमयू की यह पहल प्रदेश में फॉरेंसिक विज्ञान, आधुनिक आणविक तकनीकों, अनुसंधान एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षण को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। चिकित्सा शिक्षा और फॉरेंसिक विज्ञान के समन्वय से स्थापित यह प्रयोगशाला डीएनए आधारित मानव पहचान तथा भविष्य में विभिन्न आणविक निदान संबंधी अनुप्रयोगों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।
केजीएमयू की डीएनए लैब से फॉरेंसिक जांच और आधुनिक आणविक निदान को मिलेगा बढ़ावा
उद्घाटन के अवसर पर कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद ने प्रयोगशाला की भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बाद काइमेरिज्म विश्लेषण सहित चिकित्सा अनुसंधान और आणविक निदान के विभिन्न क्षेत्रों में डीएनए आधारित तकनीकों के उपयोग को विकसित करने का सुझाव दिया।
प्रो. डॉ. अनूप कुमार वर्मा, विभागाध्यक्ष, फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी, ने प्रयोगशाला की स्थापना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डीएनए प्रोफाइलिंग आधुनिक फॉरेंसिक जांच का एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपकरण है। इसके माध्यम से अज्ञात शवों एवं लापता व्यक्तियों की पहचान, आपदा पीड़ितों की पहचान, पितृत्व निर्धारण तथा अस्पतालों में नवजात शिशुओं की अदला-बदली जैसे मामलों में सहायता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक डीएनए तकनीकों में प्रशिक्षित मानव संसाधन विकसित करने से वैज्ञानिक जांच की गुणवत्ता बढ़ाने और न्यायिक प्रक्रिया में लंबित मामलों के निस्तारण में सहयोग देने की दिशा में मदद मिलेगी।
डॉ. अंशु प्रिया, एसोसिएट प्रोफेसर, फोरेंसिक फिंगर प्रिंटिंग यूनिट,केजीएमयू ने प्रयोगशाला की कार्ययोजना और भविष्य की तीन प्रमुख दिशाओं—अनुसंधान एवं नवाचार, शिक्षा एवं प्रशिक्षण तथा एसटीआर आधारित आणविक निदान—के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला चिकित्सा विज्ञान, फॉरेंसिक मेडिसिन, पैथोलॉजी एवं आनुवंशिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों के बीच अंतर्विभागीय सहयोग को प्रोत्साहित करेगी। भविष्य में यहां कैंसर में माइक्रोसैटेलाइट अस्थिरता परीक्षण, कुछ न्यूरोलॉजिकल विकारों के लिए रिपीट-एक्सपेंशन परीक्षण तथा सेल-लाइन ऑथेंटिकेशन जैसे अनुप्रयोगों के विकास की संभावनाओं पर भी कार्य किया जा सकता है।
केजीएमयू में फॉरेंसिक डीएनए प्रोफाइलिंग की ट्रेनिंग, विशेषज्ञों ने साझा की आधुनिक तकनीकें
दो दिवसीय कार्यशाला में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के मेडिकल कॉलेजों एवं संस्थानों से आए शोधार्थियों, स्नातकोत्तर रेजिडेंट चिकित्सकों, शिक्षकों तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों को डीएनए निष्कर्षण, मात्रा निर्धारण, पीसीआर प्रवर्धन, एसटीआर प्रोफाइलिंग, जेनेटिक एनालाइजर द्वारा विश्लेषण तथा डीएनए प्रोफाइल की व्याख्या का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला में डॉ. पंकज श्रीवास्तव, प्रभारी, डीएनए फिंगरप्रिंटिंग यूनिट, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, जबलपुर ने फॉरेंसिक डीएनए जांच के व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी दी। प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी ने डीएनए तकनीकों के माध्यम से पूर्वजों की पहचान तथा मानव आबादी के आनुवंशिक इतिहास के अध्ययन पर प्रकाश डाला। डॉ. ज्वाला कुमार नंद, सहायक निदेशक, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, झारखंड ने आधुनिक फॉरेंसिक जांच में डीएनए प्रोफाइलिंग की भूमिका और इसके विभिन्न अनुप्रयोगों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान प्रो. विमला वेंकटेश ने आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रो. मशूमी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
केजीएमयू की यह पहल उत्तर प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के साथ फॉरेंसिक विज्ञान के एकीकरण, आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों में प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेज में अपनी तरह की पहली इस प्रयोगशाला की स्थापना से प्रदेश में फॉरेंसिक डीएनए विज्ञान के विकास और विशेषज्ञता निर्माण को नई गति मिलने की उम्मीद है।
