कौशाम्बी में ‘काशी से वडनगर’ यात्रा में शामिल युवा साथियों का किया सम्मान
लखनऊ/प्रयागराज/कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को प्रयागराज एवं कौशाम्बी जनपद के भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भेंट कर स्थानीय विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सर्किट हाउस, प्रयागराज में आयोजित जनता दर्शन के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समुचित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री ने पत्रकार बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
इस अवसर पर संजय गुप्ता, राजेश शुक्ल, निर्मला पासवान, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, पियूष रंजन निषाद, विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कौशाम्बी में डॉ. आंबेडकर, सम्राट अशोक और भगवान बुद्ध को नमन, ‘काशी से वडनगर’ यात्रा के युवा सम्मानित
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी जनपद स्थित माँ शीतला अतिथि गृह, सयारा में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान एवं भगवान बुद्ध की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने इन महान विभूतियों के प्रेरणादायी जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता, समानता, न्याय, करुणा एवं मानव कल्याण के संदेशों पर चर्चा करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कौशाम्बी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘काशी से वडनगर’ यात्रा पर गए युवा साथियों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए जनसेवा, राष्ट्रनिर्माण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण की भावना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध होता है तथा समाज एवं देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर विधायक पूजा पाल, धर्मराज मौर्य, विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
