21 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होगा श्रद्धेय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पुण्यतिथि पर भव्य समारोह
लखनऊ। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने मंगलवार को लखनऊ स्थित ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्व. कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पुण्यतिथि के अवसर पर 21 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ‘हिंदू गौरव दिवस’ का आयोजन भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित होना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ मंत्री संदीप सिंह ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर भी समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान नगर निगम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी के साथ समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन की सुविधा, आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं तथा कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
