/ Nov 23, 2026

TN

TotaRam News

What's Hot

Gomti Book Festival 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया पुस्तक महोत्सव का शुभारंभ

Table of Content

पुस्तकें ज्ञान, संस्कार और विचारों की सबसे सशक्त साथी : उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक प्रांगण में गोमती पुस्तक महोत्सव-2026 के पांचवें संस्करण का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ विश्वविद्यालय तथा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह नौ दिवसीय पुस्तक महोत्सव 12 से 20 सितंबर 2026 तक चलेगा। महोत्सव में पुस्तक प्रदर्शनी के साथ लेखक संवाद, संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, व्याख्यान, पुस्तक विमोचन, क्विज, किस्सागोई सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान के संकलित और लिपिबद्ध दस्तावेज हैं। मनुष्य ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है, क्योंकि उसके भीतर ज्ञान, विवेक और बुद्धि है। इन्हीं के माध्यम से विचारों का निर्माण होता है और विचारों का संकलन जब लिपिबद्ध होता है तो वह पुस्तक का रूप लेता है। उन्होंने कहा कि ऐसी पुस्तकें, जो हमें ज्ञान और संस्कार देने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा से परिचित कराती हैं, साहित्य की ओर ले जाती हैं। उन्होंने पंडित रामचंद्र शुक्ल का उल्लेख करते हुए कहा कि साहित्य किसी समाज की संचित ज्ञानराशि का कोष होता है। पुस्तकें भाषा को सौंदर्य और आदर प्रदान करती हैं। एक ही शब्द के अलग-अलग संदर्भों में अलग अर्थ निकलने के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने कहा कि भाषा की यही विविधता और खूबसूरती पुस्तकों तथा साहित्य के माध्यम से हमारी समझ को समृद्ध करती है।

पुस्तक महोत्सव नई पीढ़ी को किताबों और साहित्य से जोड़ने का माध्यम: संदीप सिंह

मंत्री ने कहा कि पुस्तकें हमारी मार्गदर्शक, मित्र और सलाहकार हैं। व्यक्ति की अनुभूति जब अभिव्यक्ति का रूप लेती है और लिपिबद्ध होती है तो वह पुस्तक बनती है। ऐसे पुस्तक महोत्सव अनुभूति और अभिव्यक्ति के दस्तावेजों के संकलन तथा नए रचनाकारों को मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यहां होने वाली संगोष्ठियों, कवि सम्मेलनों, व्याख्यानों और पुस्तक विमोचन जैसे कार्यक्रमों से नए लेखकों को अपनी प्रतिभा और कृतित्व को सामने रखने का अवसर मिलता है।उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में जहां लोगों, विशेषकर नई पीढ़ी का पुस्तकों से जुड़ाव कम हो रहा है, वहीं ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को पुनः पुस्तकों के करीब लाने का कार्य कर रहे हैं। पुस्तक मेलों में अलग-अलग विषयों और लेखकों की पुस्तकें एक स्थान पर उपलब्ध होती हैं, जिससे पाठकों में पढ़ने की रुचि और अध्ययन की आदत विकसित होती है। उन्होंने आयोजन के लिए राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, लखनऊ विश्वविद्यालय तथा सभी आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ी को दिशा देने और प्रेरित करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि लखनऊ साहित्य, संस्कृति और कला की समृद्ध परंपरा का केंद्र रहा है। ऐसे में नौ दिवसीय यह ज्ञान महाकुंभ नई पीढ़ी को पुस्तक, साहित्य और अपनी संस्कृति से जोड़ने की दिशा में अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में विद्या को सभी धनों में श्रेष्ठ माना गया है। प्रारंभिक शिक्षा ज्ञान यात्रा की पहली सीढ़ी है और इस यात्रा का सबसे सहज एवं सशक्त साथी पुस्तक है। पुस्तकें बच्चों को केवल अक्षरों का ज्ञान नहीं देतीं, बल्कि उनके भीतर ज्ञान, विचार, संस्कार और कल्पना का विकास करती हैं। विशेष रूप से प्रारंभिक अवस्था में पुस्तकें बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और विचारशक्ति को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

यूपी के स्कूलों में ICT लैब, स्मार्ट क्लास और करियर गाइडेंस पर जोर

मंत्री सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक ज़रूरी है, पर पुस्तकें विचारों को आकार देने में अनूठी हैं। स्क्रीन दुनिया दिखाती है, पर किताबें उसे समझने की शक्ति देती हैं। उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ और प्रयागराज में ‘स्क्रीन से पन्नों का उत्सव’ आयोजित कर रही है, जिसमें पुस्तक प्रदर्शनी, लेखक संवाद, क्विज आदि होंगे। उन्होंने युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और साहित्य से जुड़ने की सलाह दी, ताकि उनकी भारत और उसकी परिस्थितियों की समझ व्यापक हो। शिक्षा विभाग भी बच्चों को पुस्तक महोत्सव से जोड़कर उन्हें विभिन्न पुस्तकों से परिचित कराएगा और उनकी सोच को व्यापक बनाएगा।

माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में शिक्षा को केवल विद्यालय की चारदीवारी और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार बनाया जा रहा है। पुस्तकालय इस अभियान के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय सार्वजनिक पुस्तकालयों के साथ-साथ विद्यालय पुस्तकालयों को भी निरंतर मजबूत और जनोपयोगी बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सार्वजनिक पुस्तकालयों को अब केवल किताबों के कमरे के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक आईटी उपकरणों, आरामदायक फर्नीचर और डिजिटल सुविधाओं से युक्त ज्ञान केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे सार्वजनिक पुस्तकालयों में पाठकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।

माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना लागू की गई है। इसके तहत 2,107 सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में जर्जर भवनों का जीर्णोद्धार किया गया, और 591 सहायता प्राप्त विद्यालयों को भी लाभ मिला। विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान बढ़ाने के लिए 1,841 सरकारी विद्यालयों में आईसीटी लैब और 1,236 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित की गई हैं। भविष्य के लिए मार्गदर्शन हेतु 2,332 सरकारी विद्यालयों में करियर गाइडेंस कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए 2,435 सरकारी विद्यालयों में मिशन शक्ति के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने छात्रों से समय का सदुपयोग करने, नियमित दिनचर्या और कड़ी मेहनत पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने सकारात्मक सोच और साथियों के साथ रहने की सलाह दी। माता-पिता को बच्चों के साथ जुड़ने और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी, क्योंकि इससे सामाजिक जीवन प्रभावित होता है। छात्रों को मोबाइल का उपयोग केवल उपयोगी सामग्री देखने के लिए करना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के चेयरमैन प्रोफेसर मिलिंद सुधाकर मराठे, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक, विद्यार्थी, लेखक, साहित्यकार एवं अतिथि उपस्थित रहे।

totaramnews1@gmail.com

totaramnews1@gmail.com http://totaram.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

लखनऊ में सजेगा ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’, 23 से 26 नवंबर तक दिखेगी देश-विदेश की जनजातीय संस्कृति

कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी आएंगे लखनऊ लखनऊ। जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं की विविधता एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। लोकनायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर लखनऊ में 23 से 26 नवंबर तक ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’ आयोजित किया जा रहा है। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क...

28 एवं 29 नवंबर को अभियान दिवसों में भी मिलेगा मतदाता सूची में नाम जांचने एवं जुड़वाने का अवसर

प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर आगामी विशेष अभियान दिवसों में भी बीएलओ रहेंगे उपस्थित लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आलेख्य मतदाता...

UP Assistant Professor Answer Key 2026 जारी, 29 नवंबर तक उत्तरकुंजी पर आपत्ति का मौका

अभ्यर्थी 22 से 29 नवम्बर की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं अपनी आपत्तियां लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के अंतर्गत सहायक आचार्य (Assistant Professor) चयन परीक्षा की 19 एवं 20 नवम्बर...

मण्डी परिषद में पहली बार ऑनलाइन काउंसलिंग से 119 नवचयनित मण्डी सचिवों को मण्डी आवंटन

प्रदेश की 125 चयनित रिक्त मण्डियों में से वरीयता क्रम के अनुसार मण्डी चुनने का मिला अवसर लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद द्वारा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं तकनीक आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को 119 नवचयनित मण्डी सचिव श्रेणी-3, वर्ग-2 के...

केशव प्रसाद मौर्य ने हरिद्वार में CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में दी श्रद्धांजलि

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अर्पित की पुष्पांजलि लखनऊ/ हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हरिद्वार, उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि...

TN

TOTARAM News

तोताराम न्यूज़ – सच्ची, सरल और ट्रेंडिंग  खबरों का नया ठिकाना।
यहाँ हर खबर मिलेगी बिना तोड़-मरोड़ के, सीधे जनता की आवाज़ के साथ।.

क्विक लिंक्स

पॉपुलर कैटेगरीज़

अवश्य पढ़ें

©2025– TotaRam.news All Right Reserved.