शाहजहांपुर/लखनऊ। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने जनपद शाहजहांपुर स्थित कुमार फूड कोल्ड स्टोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों तथा संचालकों को किसानों के हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रत्येक कोल्ड स्टोरेज संचालक यह सुनिश्चित करें कि अपने कोल्ड स्टोर में स्थानीय क्षेत्र के किसानों के लिए पर्याप्त भंडारण स्थान सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि कोल्ड स्टोरेज की परिधि में आने वाले क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों को प्राथमिकता देते हुए उनके आलू भंडारण की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी किसान को भंडारण के लिए दूसरे क्षेत्रों में भटकना न पड़े।
उद्यान मंत्री ने कहा कि यदि स्थानीय किसानों का आलू भंडारण से वंचित रह जाता है और कोल्ड स्टोरेज बाहरी क्षेत्रों से पूरी तरह भर लिया जाता है तो यह किसानों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय किसानों को असुविधा हुई तो जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कोल्ड स्टोरेज संचालक अनुमानित स्थानीय उत्पादन के आधार पर भंडारण क्षमता का एक हिस्सा आरक्षित रखें, ताकि क्षेत्र के किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उद्यान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसानों को उनकी उपज के भंडारण और विपणन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन उपस्थित रहे।
