संजय मिश्र।
देवरिया। देवरिया जिले के भटनी क्षेत्र के सिंगही डीह और दुबौली गांव में गुरुवार दोपहर अचानक लगी आग ने 5 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। तेज़ी से फैली आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
दुबौली ग्राम निवासी अमित कुमार दुबे, दुर्गा दुबे, उनके भाई राकेश दुबे, ब्यास दुबे, हरिशंकर दुबे, बिंदवलिया निवासी राम सकल यादव, मड़पही ग्राम निवासी अजय कुमार यादव तथा सिंगही डीह निवासी राम मूरत सिंह और उनके पट्टीदारों की भी गेहूं की फसल इस भीषण आग में जलकर नष्ट हो गई।
घटना के दौरान फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपने प्रयासों से आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों की तत्परता और साहस ने आसपास की और फसल को बचाने में अहम भूमिका निभाई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और नुकसान का निरीक्षण किया। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से किसानों में डर और नाराजगी का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आग से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने की अपील की है।स्थानीय प्रशासन ने घटना का संज्ञान लेते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, किसानों की मेहनत और सामूहिक प्रयास से बड़ी मात्रा में फसल को बचा लिया गया, जिससे संभावित नुकसान कम हो सका।
