संजय मिश्र।
- नूरीगंज चौराहे पर हादसा, मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र स्थित नूरीगंज चौराहे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेने जा रही एक बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस नूनखार की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान खुखुंदू थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव निवासी अभिषेक यादव (पुत्र नथुनी यादव) और रफीउल्लाह (पुत्र रज्जुलाह) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
