संजय मिश्र।
देवरिया। देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर रस्सी जैसा निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सुबह स्थानीय लोगों ने राम-जानकी मार्ग पर मईल चौराहे के पास स्थित बंद पेट्रोल पंप से सटे एक युवक का शव देखा। सूचना मिलते ही मईल पुलिस मौके पर पहुंची।
शव की पहचान महावीर कुशवाहा (32) पुत्र वीरबल कुशवाहा, निवासी मईल के रूप में हुई। सूचना पर एएसपी सुनील कुमार सिंह, बरहज सीओ राजेश चतुर्वेदी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीओ बरहज राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
