तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, 5 की मौत, 4 गंभीर घायल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चित्राहाट क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग करौली स्थित कैलादेवी मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
मृतकों में एक पूर्व फौजी, उनका बेटा और बहू भी शामिल हैं। सभी लोग दो गाड़ियों में सवार होकर दर्शन के लिए गए थे और नवरात्रि के पहले दिन पूजा के बाद लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, हादसे की वजह चालक को आई झपकी मानी जा रही है, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से घर में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
