डेस्क। अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों के अलावा रियल एस्टेट में भी लगातार निवेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में करीब 35 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन खरीदी है। यह जमीन 2.67 एकड़ में फैली हुई है और इसे उन्होंने रियल एस्टेट कंपनी द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) से खरीदा है। यह अयोध्या में बिग बी का तीसरा बड़ा निवेश माना जा रहा है।
अयोध्या बनेगा निवेश का केंद्र
कंपनी की जानकारी के अनुसार, यह जमीन बड़े प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ के पास स्थित है, जो लगभग 75 एकड़ में फैला हुआ है और भविष्य में इसे प्रीमियम और लग्जरी डेवलपमेंट के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इस जमीन की खरीद से जुड़े कागजात एबी कॉरपोरेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश यादव ने पूरे किए। HoABL के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि अमिताभ बच्चन के निवेश से अयोध्या आने वाले समय में निवेश के लिए एक बड़ा केंद्र बन सकता है। उन्होंने बताया कि जमीन सिर्फ संपत्ति नहीं होती, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विरासत भी होती है।
बिग बी का अयोध्या में तीसरा निवेश
यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन खरीदी हो। मई 2025 में उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपये में 25,000 वर्ग फुट का एक और प्लॉट खरीदा था, वहीं साल 2024 में उन्होंने ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में लगभग 10,000 वर्ग फुट की जमीन 14.5 करोड़ रुपये में खरीदी थी। अब अयोध्या में यह उनका तीसरा बड़ा निवेश बन गया है। सिर्फ अयोध्या ही नहीं, अमिताभ बच्चन ने महाराष्ट्र के अलीबाग में भी निवेश किया है। वहां उन्होंने ‘सोल दे अलीबाग’ प्रोजेक्ट में करीब 10 करोड़ रुपये का प्लॉट खरीदा था। इस प्रोजेक्ट में बॉलीवुड सितारों जैसे कृति सेनन और कार्तिक आर्यन ने भी निवेश किया है।
