गृहिणी से सफल उद्यमी बनीं माला, मेहनत और दूरदर्शिता से बढ़ाई परिवार की आय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व व निर्देशन में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आमदनी में न केवल इजाफा हो रहा है बल्कि नित नये आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। महिलाओं की आमदनी बढ़ने के साथ साथ उनका समाज में मान-सम्मान भी उत्तरोत्तर गति से बढ़ रहा है। प्रदेश के हर जिले में स्वयं सहायता समूहों की दीदियां कुछ न कुछ नवाचार कर न केवल अपने स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं बल्कि दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित हो रही हैं। ऐसी ही कहानी सोनभद्र की माला की है।
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के विकासखंड चतरा के ग्राम विरथी निवासी 37 वर्षीय माला की कहानी ग्रामीण महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल है। कभी परिवार की सीमित आमदनी के बीच घर की जिम्मेदारियां निभाने वाली माला आज कॉस्मेटिक एवं बुक स्टोर का सफल संचालन कर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। उनकी यह सफलता साबित करती है कि यदि महिलाओं को अवसर, सही मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग मिले तो वे अपनी मेहनत और हुनर से आर्थिक बदलाव की नई इबारत लिख सकती हैं।
स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बदली जिंदगी, अब अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए कर रही हैं प्रेरित
माला का परिवार पांच सदस्यों का है। उनके तीन बच्चे हैं। परिवार के पास अपना मकान है। इंटरमीडिएट तक शिक्षित माला पहले गृहिणी के रूप में घर-परिवार की जिम्मेदारियां संभालती थीं। परिवार की आय सीमित होने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और अन्य खर्चों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। माला चाहती थीं कि वे भी परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करें और बच्चों को बेहतर भविष्य दे सकें। इसी सोच ने उनके भीतर कुछ अपना काम शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प पैदा किया।
माला वर्ष 2001 से परी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और आर्थिक गतिविधियों के प्रति उनकी समझ विकसित हुई। वे ज्योति प्रेरणा ग्राम संगठन तथा ज्ञान प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ से भी जुड़ी हैं। समूह से प्राप्त अनुभव और सामूहिक गतिविधियों में सहभागिता ने उन्हें यह समझने का अवसर दिया कि छोटे स्तर पर शुरू किया गया व्यवसाय भी नियमित मेहनत और बेहतर प्रबंधन से आय का मजबूत माध्यम बन सकता है। वर्तमान में वे समूह सखी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने से पहले माला ने जल्दबाजी नहीं की। उन्होंने लगभग एक वर्ष तक बाजार का अध्ययन किया। आसपास के क्षेत्र में कॉस्मेटिक उत्पादों की मांग, ग्राहकों की पसंद, सामान की उपलब्धता, बिक्री की संभावनाओं और व्यवसाय में होने वाले लाभ-हानि को समझा। इसके बाद उन्होंने अपने पास उपलब्ध रू 15,000 -00 की पूंजी से कॉस्मेटिक की छोटी-सी दुकान शुरू की। दुकान में क्रीम, फेसवॉश, पाउडर, बिंदी, चूड़ियां, लिपस्टिक, हेयर ऑयल, शैम्पू, मेहंदी सहित महिलाओं की दैनिक जरूरतों से जुड़े विभिन्न सौंदर्य प्रसाधन उपलब्ध कराए।
व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए माला ने ग्राहकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी। उन्होंने उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सामान उपलब्ध कराने और ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया। धीरे-धीरे उनकी दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और आसपास के गांवों में भी उनकी दुकान की पहचान बनने लगी। उन्होंने महसूस किया कि कॉस्मेटिक उत्पादों के साथ यदि बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाए तो ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी दुकान में बुक स्टोर भी शुरू कर दिया। अब उनकी दुकान पर कॉपियां, पेन, पेंसिल, रजिस्टर, फाइल सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं स्टेशनरी सामग्री भी उपलब्ध होने लगी।
इस प्रकार माला ने एक ही दुकान के माध्यम से दो तरह की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया। उनके व्यवसाय में परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। जब कॉस्मेटिक दुकान पर ग्राहकों की भीड़ अधिक होती, तब उनके पति बुक स्टोर का काम संभालते थे। इससे दोनों व्यवसायों का संचालन व्यवस्थित ढंग से होने लगा और परिवार ने मिलकर उनके उद्यम को आगे बढ़ाने में सहयोग किया।
इसी बीच गांव में महिला उद्यमिता विकास परियोजना के अंतर्गत सामुदायिक बैठक आयोजित की गई। माला ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने व्यवसाय से संबंधित अनुभव साझा किए। डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्ज की टीम ने परियोजना के उद्देश्यों, महिला उद्यमिता के अवसरों और छोटे व्यवसायों को व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। माला ने फोकस ग्रुप डिस्कशन सहित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें व्यवसाय प्रबंधन, स्टॉक का उचित रखरखाव, आय-व्यय का लेखा-जोखा तैयार करने, लाभ-हानि का आकलन करने तथा बाजार की मांग के अनुसार उत्पादों का चयन करने की व्यावहारिक जानकारी मिली।
₹2 लाख के ऋण से माला ने बढ़ाया कारोबार, मासिक आय ₹15 हजार हुई
माला के उद्यम में विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने परियोजना टीम के समक्ष अतिरिक्त वित्तीय सहायता की आवश्यकता रखी। उनकी जरूरत और व्यवसाय की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए परियोजना टीम ने ज्ञान प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ (CLF) के माध्यम से उन्हें रू2-00 लाख का ऋण उपलब्ध कराया। यह आर्थिक सहयोग उनके व्यवसाय के विस्तार में महत्वपूर्ण साबित हुआ। इस राशि का उपयोग कर उन्होंने दुकान में नए ब्रांड के कॉस्मेटिक उत्पाद, बच्चों की शैक्षणिक सामग्री और दैनिक उपयोग की विभिन्न वस्तुएं शामिल कीं। इससे दुकान में उत्पादों की विविधता बढ़ी और ग्राहकों को पहले की तुलना में अधिक विकल्प मिलने लगे।
परियोजना के अंतर्गत माला को केवल वित्तीय सहायता ही नहीं मिली, बल्कि उद्यम को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए निरंतर तकनीकी एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। उन्हें मार्केटिंग, बुक कीपिंग, स्टॉक प्रबंधन और व्यवसाय से संबंधित अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बैनर, विजिटिंग कार्ड, रजिस्टर, उद्यम पंजीकरण तथा गुणवत्ता नियंत्रण (QC) से संबंधित तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया गया। इन प्रयासों से माला के व्यवसाय को व्यवस्थित पहचान मिली और वे पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने उद्यम का संचालन करने लगीं।
आज माला अपने व्यवसाय का संचालन स्वयं करती हैं। बदलते समय के साथ उन्होंने डिजिटल तकनीक को भी अपनाया है। स्मार्टफोन के माध्यम से वे डिजिटल भुगतान स्वीकार करती हैं और ग्राहकों को ऑनलाइन एवं नकद, दोनों माध्यमों से भुगतान की सुविधा देती हैं। इससे उनके व्यवसाय में लेन-देन की प्रक्रिया आसान हुई है। बाजार की मांग के अनुरूप सामान रखना, ग्राहकों की पसंद को समझना और दुकान के आय-व्यय का हिसाब रखना अब उनकी नियमित कार्यशैली का हिस्सा बन गया है।
माला की मेहनत और उद्यमशीलता का सकारात्मक परिणाम उनकी आमदनी में स्पष्ट दिखाई देता है। व्यवसाय शुरू करने से पहले उनकी मासिक आय लगभग ₹7,000 थी, जो अब बढ़कर करीब ₹15,000 प्रतिमाह हो गई है। उनकी वर्तमान वार्षिक आय लगभग रू 1.45 लाख है। आय में हुई इस वृद्धि से परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई है। उन्होंने अपनी कमाई से घर की मरम्मत करवाई तथा बच्चों की शिक्षा और घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहयोग देना शुरू किया। अब परिवार को रोजमर्रा के खर्चों और बच्चों की पढ़ाई के लिए पहले जैसी आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
माला बनीं गांव की महिलाओं के लिए स्वरोजगार की प्रेरणा
माला की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत आर्थिक उन्नति तक सीमित नहीं है। समूह सखी के रूप में वे गांव की अन्य महिलाओं से संवाद करती हैं और उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने, नियमित बचत करने तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित करती हैं। वे अपने अनुभवों के माध्यम से महिलाओं को बताती हैं कि व्यवसाय शुरू करने के लिए हमेशा बड़ी पूंजी की आवश्यकता नहीं होती। बाजार की सही समझ, निरंतर मेहनत, उचित योजना और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करके छोटे स्तर से भी सफल उद्यम खड़ा किया जा सकता है।
आज माला के लिए उनकी दुकान केवल आमदनी का साधन नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक बन चुकी है। एक गृहिणी से उद्यमी बनने तक का उनका सफर यह संदेश देता है कि ग्रामीण महिलाओं में अपार क्षमता है। जरूरत है तो बस उन्हें अवसर, प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की।
माला की कहानी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों की सार्थकता को भी दर्शाती है। आज वे अपने परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और दूसरी महिलाओं के लिए भी नई राह खोल रही हैं। सचमुच, माला ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से न केवल अपने सपनों को सजाया है, बल्कि अपने परिवार की जिंदगी को भी संवार दिया है।
