पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
देवरिया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों के साथ ही भलुअनी क्षेत्र के बूथ संख्या-56, कुइयां एवं बूथ संख्या-80, सिंहपुर का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र बरहज के बूथ संख्या-187 सहित अन्य बूथों तथा बूथ संख्या-181 से 184 तक का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति, मतदाता पंजीकरण के लिए प्राप्त हो रहे आवेदन पत्रों तथा विशेष अभियान दिवस पर संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही फार्म-7 एवं फार्म-8 सहित अन्य प्रपत्रों के माध्यम से प्राप्त हो रहे आवेदनों की स्थिति का भी जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवस पर अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त करें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा आगामी 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके लिए गांवों एवं संबंधित क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्राप्त आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाए। सभी बीएलओ प्राप्त आवेदनों का समुचित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करें तथा अभियान की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ संचालित करते हुए शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
