ई-श्रम, आधार अपडेट, DigiPay और AI हिंदी-तमिल संवाद बने आकर्षण
वाराणसी। भारत की सांस्कृतिक एकता, समृद्ध विरासत एवं ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित महोत्सव में भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अंतर्गत संचालित सी.एस.सी. ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (CSC e-Governance Services India Ltd.) द्वारा “CSC Digital Sangam – एक भारत, श्रेष्ठ भारत, डिजिटल भारत” की थीम पर एक विशेष प्रदर्शनी एवं डिजिटल सेवा स्टॉल स्थापित किया गया है।
‘सी.एस.सी. डिजिटल संगम’ स्टॉल का विधिवत उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर सी.एस.सी. उत्तर प्रदेश के राज्य प्रमुख राजेश मिश्रा ने मंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया तथा सी.एस.सी. के माध्यम से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और नागरिक सशक्तीकरण की पहलों की विस्तृत जानकारी दी। इस विशेष स्टॉल पर आम नागरिकों एवं आगंतुकों के लिए असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (PM-MKSSY) के अंतर्गत पंजीकरण एवं योजना संबंधी सहायता, आधार संशोधन एवं अपडेट संबंधी सेवाएं, डिजीपे (DigiPay) एवं आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (AePS) के माध्यम से नकद निकासी की सुविधा, विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व आवेदन संबंधी सहायता तथा डिजिटल वित्तीय समावेशन एवं डिजिटल साक्षरता जैसी महत्वपूर्ण नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

“CSC Digital Sangam – एक भारत, श्रेष्ठ भारत, डिजिटल भारत” की थीम पर स्थापित विशेष प्रदर्शनी में मिल रहीं प्रमुख सरकारी व डिजिटल सेवाएं
स्टॉल में काशी एवं तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने की विशेष पहल की गई है। इसके अंतर्गत तिरुक्कुरल डिजिटल अनुभव, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित हिंदी-तमिल भाषा संवाद, सी.एस.सी. एकेडमी, महिला उद्यमिता, ग्रामीण डिजिटल अर्थव्यवस्था तथा विभिन्न तकनीकी नवाचारों का जीवंत प्रदर्शन किया जा रहा है। इस अभिनव पहल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न भाषाओं एवं संस्कृतियों से जुड़े नागरिकों को डिजिटल तकनीक के माध्यम से एक-दूसरे के निकट लाना तथा सरकारी सेवाओं की सुगम एवं पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित करना है।

‘काशी तमिल संगमम 5.0’ में सी.एस.सी. की यह सहभागिता भारत सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान, डिजिटल समावेशन, वित्तीय सशक्तीकरण तथा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। “काशी से तमिलनाडु तक – संस्कृति, ज्ञान और डिजिटल सेवाओं का संगम” के संदेश के साथ सी.एस.सी. का यह प्रयास सांस्कृतिक एकता के इस राष्ट्रीय आयोजन को डिजिटल सशक्तीकरण से जोड़ते हुए नागरिकों के लिए सेवा, सूचना, ज्ञान एवं तकनीकी अनुभव का एक महत्वपूर्ण केंद्र स्थापित करने की दिशा में एक सार्थक कदम सिद्ध हो रहा है।
