फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में 27 टीमों ने चलाया अभियान
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार, 6 नवंबर को मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर 27 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इस दौरान कुल 2,171 घरों का सर्वे किया गया। वहीं, जिले में डेंगू के 24 नए धनात्मक मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को चिकित्सीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाओं, क्लोरीन की गोलियों और ओआरएस पैकेट का वितरण भी किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर डॉ. हेमंत कुमार, अधीक्षक, नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज और डॉ. आसमा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज के निर्देशन में 27 टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में एनएमए, बीएचडब्ल्यू और क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं।
फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में चला सर्वेक्षण अभियान
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने केशवनगर, प्रीतीनगर, भरतनगर, मिल्लतनगर, कृष्ण लोक नगर, श्याम विहार, गौरभीट, गाजीपुर, भगवन्तपुरम, हनुमन्तपुरम, लक्ष्मीनगर, यशनगर, यासीनबाग, ऊंचा टोला, नया दाऊदनगर, नन्दपुरम, संतकबीरनगर, नई बस्ती, गोमती विहार, फैजुल्लागंज गांव और पुराना दाऊदनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया।
इस दौरान लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सलाह और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही दवाओं, क्लोरीन की गोलियों और ओआरएस पैकेट का वितरण कर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी बढ़ाई गई।
इन इलाकों में मिले डेंगू के नए मरीज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ में डेंगू के 24 नए धनात्मक मरीज मिले। इनमें अलीगंज में 3, चंदरनगर में 5, सरोजनीनगर में 1, इंदिरानगर में 6, एनके रोड में 1, टूडियागंज में 1, गोसाईगंज में 1, चिनहट में 3, रेडक्रॉस में 1 और सिल्वर जुबिली क्षेत्र में 2 मरीज मिले हैं।
मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 28 लोगों को दी चिकित्सा सुविधा
स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट ने लक्ष्मीनगर में 17 और यशनगर में 11 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की टीम और 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास मच्छरों को पनपने से रोकने की अपील की है। इसके लिए पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने, कूलर का पानी हर सप्ताह बदलने और उसकी सफाई करने की सलाह दी गई है। घरों के आसपास पुराने टायर, कबाड़, नारियल के खोल, फूलदान और अन्य अनुपयोगी बर्तनों में पानी जमा न होने दें।
स्वयं को मच्छरों से बचाने के लिए सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करें। बच्चों को भी मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बुखार आने पर स्वयं दवा न लें, बल्कि चिकित्सक की सलाह के बाद ही दवाओं का सेवन करें।
सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
