जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
लखनऊ। इनरव्हील क्लब ऑफ लखनऊ की आधिकारिक चेयरमैन विजिट के अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी की उपस्थिति में क्लब द्वारा विभिन्न सेवा कार्यों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियाँ प्रस्तुत की गईं। इस अवसर पर जरूरतमंदों की सहायता, बाल कल्याण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

सेवा कार्यों के अंतर्गत मनवी की शिक्षा के लिए फीस पहले ही जमा की जा चुकी है। रनिंग स्कूल के लिए टॉय रूम, फिट गर्ल्स परियोजना के अंतर्गत योगा मैट एवं किट तथा एक स्तनपान कराने वाली माँ को KMC चेयर उपलब्ध कराने की पहल की गई। संगीता मरवाह के सौजन्य से कपड़े के थैलों के वितरण की व्यवस्था की गई, जबकि रेखा मित्तल ने जरूरतमंद बच्चों के लिए रजिस्टर देने की सहमति दी।
इनरव्हील क्लब ऑफ लखनऊ ने महिला सुरक्षा, जरूरतमंद परिवारों की मदद और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई सामाजिक पहल कीं
एक घरेलू सहायिका की बेटी के विवाह हेतु आवश्यक सामान क्लब सदस्यों के सहयोग से जुटाया जा रहा है। महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा समाप्त करने के संदेश के साथ सदस्यों ने जागरूकता नारों के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पहाड़पुर, बख्शी का तालाब में 20 भैंसों की देखभाल करने वाले दूध विक्रेता पुत्तन को सोलर लाइट/पैनल उपलब्ध कराने की पहल भी की गई।

पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए ISO पल्लवी के संयोजन में इको-फ्रेंडली ज्वेलरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही, एनजीओ नवजीवन के बच्चों द्वारा तैयार की गई दीपावली की वस्तुओं का स्टॉल लगाया गया, जिससे उनकी रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला। क्लब की पहचान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इनरव्हील बोर्ड लगाने की योजना भी प्रस्तुत की गई।

