LDA उपाध्यक्ष ने जन सामान्य की मांग पर शिविर की अवधि बढ़ायी
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा नवरात्रि के शुभ अवसर पर लगाये गये विशेष निबंधन शिविर ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये। महज 03 दिन में 318 आवंटियों ने कैम्प का लाभ उठाकर अपनी सम्पत्ति की रजिस्ट्री करवायी। बेहतर परिणाम और जन सामान्य की मांग पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने रजिस्ट्री कैम्प एक दिन के लिए बढ़ा दिया है। अब 16 अक्टूबर, 2026 को भी निबंधन शिविर आयोजित किया जाएगा।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यवसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। जिनमें से कई आवंटियों ने सम्पत्ति की रजिस्ट्री नहीं करायी है। इसे ध्यान में रखते हुए आवंटियों की सहूलियत के लिए 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर, 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष निबंधन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही निबंधन विभाग की टीम भी उपस्थित रही।
शिविर के पहले दिन 107 और दूसरे दिन 93 आवंटियों ने अपने पक्ष में सम्पत्ति की रजिस्ट्री करवायी। वहीं, तीसरे दिन गुरूवार को 118 आवंटियों के पक्ष में सफलतापूर्वक निबंधन की कार्यवाही की गयी। इसमें विभिन्न अपार्टमेंट्स के फ्लैट्स, कानपुर रोड योजना, जानकीपुरम विस्तार, बसन्तकुंज, शारदानगर, गोमती नगर व प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं की सम्पत्तियां शामिल हैं।
कैम्प में रजिस्ट्री के लिए कई नये आवेदन भी आए हैं, जिसके लिए फाइलें तैयार करायी जा रही हैं। अपर सचिव ने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय के आदेशानुसार रजिस्ट्री कैम्प एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। शुक्रंवार को भी एलडीए व निबंधन विभाग की टीम संयुक्त रूप से कार्य करते हुए रजिस्ट्री की कार्यवाही सुनिश्चित कराएगी।
