आयुक्त, ग्राम्य विकास की अध्यक्षता में संपन्न हुई डीपीसी बैठक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की पहल व उनके निर्देश पर उत्तर प्रदेश में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत अधिकारियों के पदोन्नति की प्रक्रिया को गति देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास आयुक्त प्रमोद कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में 8 अक्टूबर, 2026 को विभागीय चयन समिति (डीपीसी) की महत्वपूर्ण बैठक मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की गई।
मानव संपदा पोर्टल के जरिए हुई ऑनलाइन डीपीसी में 39 अधिकारियों की पदोन्नति का निर्णय, केशव प्रसाद मौर्य ने दी बधाई
बैठक के दौरान सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) के सेवा रिकॉर्ड, वरिष्ठता और विभागीय मापदंडों की गहन समीक्षा की गई। पारदर्शी व्यवस्था के तहत समीक्षा के उपरांत समिति द्वारा सर्वसम्मति से 39 सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) को संयुक्त खण्ड विकास अधिकारी के पद पर पदोन्नत करने का निर्णय लिया गया।
डिजिटल माध्यम (मानव सम्पदा पोर्टल) से आयोजित इस डीपीसी प्रक्रिया से न केवल पदोन्नति की कार्यवाही में पारदर्शिता आई है, बल्कि विभागीय कार्यों में भी तेजी आएगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्त प्रोन्नति पाने वाले अधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुते विश्वास व्यक्त किया है कि इस निर्णय से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और ब्लॉक स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
