LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार को चिनहट व बी0के0टी0 क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 45 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 08 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-4 की टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि चिनहट के ग्राम-मेहोरा में कार्रवाई की गयी। जिसमें मोहन, राज, धर्मवीर, राजवीर, विजय कुमार, ओमप्रकाश व अन्य द्वारा लगभग 35 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 06 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि बी0के0टी0 के ग्राम-इंदौराबाग व ग्राम-रामपुर देवरई में अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रज्जवल सिंह चौहान, कृष्ण कुमार अग्रवाल व अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 02 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
