अंतर्राष्ट्रीय महिला कृषक वर्ष के दृष्टिगत महिला कृषकों को दी जाएगी विशेष वरीयता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा आगामी रबी मौसम के दृष्टिगत कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने और रणनीति तैयार करने के लिए आज राजधानी लखनऊ के स्थित इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में प्रातः 10 बजे से “राज्य स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गोष्ठी की अध्यक्षता कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा की जाएगी।
गोष्ठी में प्रदेश भर से कृषि विभाग के समस्त मण्डलीय, जनपदीय एवं तहसील स्तर के अधिकारीगण प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद से कृषि विभाग एवं अनुषांगी विभागों से 03-03 पुरस्कृत कृषक तथा प्रत्येक मण्डल से 02-02 विशिष्ट प्रगतिशील महिला कृषक भी सम्मिलित होंगे। अंतर्राष्ट्रीय महिला कृषक वर्ष के दृष्टिगत प्रतिभाग करने वाले कृषकों में महिला कृषकों को विशेष वरीयता दी जा रही है।
गोष्ठी में रबी की बेहतर रणनीति, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा उत्पादकता वृद्धि के विभिन्न आयामों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों, प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित कृषि अनुसंधान एवं विकास से जुड़ी प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
