डिप्टी CM केशव मौर्य का निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीबी-जी राम जी (विकसित भारत-जी राम जी) के तहत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजन किये जाने के उद्देश्य से आगामी 12अक्टूबर 2026को “विशेष रोजगार सृजन दिवस” आयोजित करायें जाने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के सभी अधिकारियों / कर्मचारियों को दिये हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में निवास कर रहे परिवारों के वयस्क सदस्यों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिवस का अकुशल श्रम रोजगार उपलब्ध कराते हुए टिकाउ परिसम्पत्तियों का सृजन किया जाना है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु आवश्यक है कि श्रमिकों को मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
विशेष रोजगार दिवस के लिए 375 कार्यों में से चयन, तकनीकी तैयारी पूरी करने के निर्देश
12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले”विशेष रोजगार सृजन दिवस’ की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को व्यापक दिशा निर्देश दिए गए हैं। जिला अधिकारियों को जारी दिशा निर्देश में कहा गया है कि समस्त जनपद अपने से सम्बंधित मानव दिवस सृजन के लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत प्रगति प्राप्त करना सुनिश्चित करे।जनपद में योजना के अन्तर्गत अनुमन्य 375 कार्यों में से ऐसे कार्य चयनित किया जाए, जिसमें अधिकाधिक श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित किया जा सके तथा जो जनोपयोगी हो। चयनित कार्य को योजना के अन्तर्गत निर्धारित प्राविधानों के अनुसार कार्ययोजना में सम्मिलित करते हुए कार्य प्रारम्भ कराया जाए तथा यह सुनिश्चत किया जाए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पर्याप्त संख्या में अनुमोदित एवं प्रारम्भ योग्य कार्यों की उपलब्धता हो।चयनित कार्य हेतु यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि निर्धारित तिथि से पूर्व कार्य की वर्क आई०डी० जनरेशन, जी०ओ० टैगिंग, सीक्योर पर एस्टिमेट बनाए जाने की कार्यवाही तथा एम०आई०एस० से संबधित अन्य कार्यवाहियां निर्धारित तिथि से पूर्व पूर्ण कर ली जाए। जिससे “विशेष रोजगार सृजन दिवस की तिथि को कोई भी तकनीकी व्यवधान उत्पन्न ना होने पाए। “विशेष रोजगार सृजन दिवस” हेतु चयनित कार्यों के प्रारम्भ की वीडियोग्रॉफी एवं फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से करायी जाए, जिससे कार्य पूर्ण हो जाने के पश्चात कार्य के प्रभाव को दर्शाया जा सके।
विशेष रोजगार दिवस पर पात्र श्रमिकों का होगा नियोजन, ड्रोन से निगरानी
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग प्रमोद कुमार उपाध्याय द्वारा जिलों को जारी दिशा निर्देशो में कहा गया है कि श्रमिकों की मांग के अनुरूप ई-मस्टर रोल समय से निर्गत किए जाएं तथा “विशेष रोजगार सृजन दिवस पर अधिकतम पात्र श्रमिकों का वास्तविक नियोजन सुनिश्चित किया जाए।ऐसी ग्राम पंचायतें जिनमें कार्य नही चल रहा है, उनमें निर्धारित प्राविधानों के अनुसार कार्य प्रारम्भ कराया जाए। “विशेष रोजगार सृजन दिवस” हेतु कार्यस्थल पर ड्रोन से वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से करायी जाए। और “विशेष रोजगार सृजन दिवस” के सघन अनुश्रवण हेतु जनपद स्तर से मुख्य विकास अधिकारी द्वारा “विशेष रोजगार सृजन दिवस के सघन अनुश्रवण तथा पर्यवेक्षण हेतु उपायुक्त, श्रम-रोजगार एवं अन्य विभागों के अधिकारियों का दायित्व निर्धारित किया जाएगा। नामित अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में निरीक्षण करते हुए सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र श्रमिकों को कार्यस्थल पर नियोजित किया जाए।
