अधिकारियों-कर्मचारियों ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की
लखनऊ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय, लखनऊ पीठ में गांधी जयंती का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। वरिष्ठ न्यायमूर्ति, वरिष्ठ निबंधक, रजिस्ट्री के अधिकारियों और उच्च न्यायालय के कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजन रॉय ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। तदुपरांत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया। वरिष्ठ न्यायमूर्ति ने गांधीवादी दर्शन की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा कि समग्र रूप से गांधीजी एक महान आत्मा थे। भारतीय स्वाधीनता संग्राम में उनके अतुल्य योगदान तथा निःस्वार्थ जीवन अर्पण के ऋणी हम सब हैं। कार्यक्रम का समापन राम धुन के गायन के साथ हुआ।
