महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श अपनाएं: डॉ. प्रशांत कुमार
प्रयागराज/लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोह परंपरागत ढंग से गरिमापूर्ण, सादगी एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
तत्पश्चात आयोजित संगोष्ठी में महात्मा गांधी के जीवन-संघर्ष, सत्य, अहिंसा, सर्वोदय, स्वराज्य एवं ट्रस्टीशिप तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर वक्ताओं द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए।
इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, नैतिकता, सादगी, स्वावलंबन तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उनका जीवन प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने दैनिक कार्य व्यवहार में अपनाने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के अवसर पर कार्यालय की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात आयोग परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। समारोह में आयोग के सदस्यगण, सचिव, समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
