एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गुरूवार को मोहनलालगंज में अभियान चलाकर लखनऊ ग्रीन सिटी समेत 05 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर किये गये अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मोहनलालगंज के ग्राम-मऊ व अतरौली में अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रवीण त्रिपाठी, अमित सिंह (लखनऊ ग्रीन सिटी), अरूण कुमार, कैप्टन अशोक सिंह, हरेन्द्र सिंह, एस0के0 त्रिपाठी व अन्य द्वारा लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। जोनल अधिकारी ने बताया कि उक्त सभी अवैध प्लाटिंग एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही थीं। जिनके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
