जिला पंचायत इंजीनियरों की Technical Training, 80 अभियंता होंगे प्रशिक्षित
लखनऊ। पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान (प्रिट) के अन्तर्गत ओम प्रकाश राजभर, मंत्री पंचायती राज विभाग, उ०प्र० की प्रेरणा से व अनिल कुमार, प्रमुख सचिव, पंचायती राज विभाग, उ०प्र० शासन के कुशल मार्गदर्शन में जिला पंचायत के अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं का 03 दिवसीय व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 08 सितम्बर 2026 को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एम.एन.एन.आई.टी.), प्रयागराज में कराया जा रहा है।

MNNIT प्रयागराज में अभियंताओं का तकनीकी प्रशिक्षण
इस प्रकार का प्रशिक्षण अभिनव पहल के रूप में पहली बार किसी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में उनके सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण में 80 प्रतिभागियों का 40-40 के 02 बैच में प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। द्वितीय बैच का आयोजन दिनांक 22 से 24 सितम्बर, 2026 के मध्य एम.एन.एन.आई.टी., प्रयागराज में किया जायेगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला पंचायतों में कार्यरत अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं को पंचायतों में कराए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों के तकनीकी पक्ष, गुणवत्तापूर्ण निर्माण, नवीन तकनीकों, कार्यों की प्रभावी निगरानी एवं व्यावहारिक तकनीकी प्रक्रियाओं से अद्यतन कराना है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जोकि प्रतिभागियों को प्राक्कलन, मानचित्र एवं डी०पी०आर० आदि तैयार करने में कार्य कुशलता प्रदान करेगा।
