फैजुल्लागंज में 70 घरों का सर्वे, 27 लोगों को मोबाइल मेडिकल यूनिट से मिला उपचार
लखनऊ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर मंगलवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र फैजुल्लागंज की टीम ने पुराना दाऊदनगर क्षेत्र में घर-घर जाकर संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में क्षेत्रीय एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने करीब 70 घरों का भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
अभियान के दौरान लोगों को क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने नागरिकों को साफ-सफाई रखने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के उपायों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान लोगों को मौसमी और संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
इसके अलावा मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से क्षेत्र के 27 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। वहीं क्षेत्रीय एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने पवन विहार कॉलोनी का भी स्थलीय निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार समाचार पत्र में उल्लिखित सभी बच्चे स्वस्थ हैं। क्षेत्र में लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य शिक्षा भी प्रदान की गई।
मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। पानी से भरे बर्तनों और टंकियों को ढककर रखें। कूलर का पानी प्रत्येक सप्ताह खाली कर उसे अच्छी तरह साफ करके और सुखाने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें।

लोगों को पुराने टायर, कबाड़, नारियल के खोल, अनुपयोगी कंटेनर, फूलदान और बर्ड बाथ आदि में पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई। फूलदान और बर्ड बाथ का पानी नियमित रूप से बदलने तथा अनुपयोगी सामान का उचित निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
मच्छरों से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और आवश्यकता के अनुसार मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने की सलाह दी। बच्चों को मच्छरों के संपर्क से बचाने और दिन के समय भी पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाने को कहा गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने स्पष्ट किया कि बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेकर ही दवा का सेवन करना चाहिए। लोगों को घर के अंदर और आसपास बाल्टी, बैरल, कूलर, टायर, फूलदान तथा अन्य वस्तुओं में पानी जमा न होने देने के लिए भी जागरूक किया गया।

मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
