डेस्क। राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की आगामी फिल्म ‘टोस्टर’ के मेकर्स ने शनिवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। कॉमेडी और हल्के-फुल्के ड्रामे से भरपूर यह फिल्म अपनी अनोखी कहानी और मजेदार कॉन्सेप्ट के चलते पहले से ही चर्चा में है। ट्रेलर देखकर साफ है कि यह फिल्म दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने का पूरा दम रखती है। राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा स्टारर इस फिल्म का ट्रेलर बेहद मनोरंजक, दिलचस्प और ट्विस्ट से भरपूर नजर आ रहा है, जो दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।
फिल्म में राजकुमार राव एक कंजूस व्यक्ति के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसकी जिंदगी एक टोस्टर की वजह से उलट-पुलट हो जाती है। दो मिनट 42 सेकंड के इस ट्रेलर में एक ऐसे शख्स की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी कंजूसी के चलते खुद ही मुसीबतों में फंस जाता है। ट्रेलर की शुरुआत में राजकुमार का किरदार छोटी-छोटी चीजों में पैसे बचाते हुए दिखता है। वह एक करीबी की शादी में टोस्टर गिफ्ट देते हैं, लेकिन शादी के तुरंत बाद कपल का तलाक हो जाता है। इसके बाद वह अपना दिया हुआ टोस्टर वापस लेने का फैसला करता है, जो उसकी जिंदगी में नई परेशानियों की वजह बन जाता है।
फिल्म में राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की जोड़ी शानदार लग रही है। इनके अलावा अर्चना पूरन सिंह, फराह खान, अभिषेक बनर्जी, उपेंद्र लिमये और सीमा पाहवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
