मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 41 लोगों को दी चिकित्सा सुविधा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी के बीच स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। बुधवार, 4 नवंबर को डेंगू के 27 नए धनात्मक मरीज मिले। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की 27 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में 2,202 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों को चिकित्सीय परामर्श, जांच, दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर अधीक्षक डॉ. हेमंत कुमार और प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के निर्देशन में 27 टीमों ने अभियान चलाया। इन टीमों में एनएमए, बीएचडब्ल्यू और क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं। टीमों ने पुराना दाऊदनगर, नया दाऊदनगर, मामा कॉलोनी, लोहारमऊ, नई बस्ती, हनुमंतपुरम, गाजीपुर, गौरभीट, श्याम विहार, भगवंतपुरम, संतकबीरनगर, मिल्लतनगर, कृष्ण लोक नगर, गोमती विहार, लक्ष्मीनगर, यश नगर, यासीनबाग, फैजुल्लागंज गांव, केशवनगर, प्रीति नगर और भरत नगर सहित कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया।
चन्दरनगर और इंदिरानगर में मिले सबसे अधिक मरीज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 4 नवंबर को मिले 27 नए डेंगू मरीजों में अलीगंज में 3, चन्दरनगर में 6, सरोजनीनगर में 2, इंदिरानगर में 5, एनके रोड में 5, रेडक्रॉस में 3, टूडियागंज में 2 और चिनहट में 1 मरीज शामिल है।
मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 41 लोगों को दी चिकित्सा सुविधा
अभियान के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट ने यश नगर में 14 और लोहारमऊ में 27 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इसके अलावा क्षेत्र में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की टीम और 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है।
मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए। नागरिकों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने तथा प्रत्येक सप्ताह कूलर की सफाई करने की अपील की गई।
लोगों को पुराने टायर, कबाड़, नारियल के खोल, फूलदान और बर्ड बाथ में पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई। साथ ही सोते समय मच्छरदानी लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बुखार आने पर स्वयं दवा न लेने और चिकित्सक की सलाह से ही उपचार कराने की अपील की है। मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
