- गोसाईंगंज में न्यू जेल रोड पर 40 बीघा की अवैध प्लाटिंग पर एलडीए ने चलाया बुलडोजर
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को मड़ियांव व सैरपुर में अभियान चलाकर 02 आर0एम0सी0 प्लांट समेत 06 अवैध निर्माण सील किये। वहीं, गोसाईंगंज में न्यू जेल रोड पर लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि अभिषेक सिंह व अन्य द्वारा गोसाईंगंज में न्यू जेल रोड स्थित ग्राम-शिवलर में लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि गगन सिंह, मंजीत सिंह, शिवम मिश्रा, तारिक व अन्य द्वारा मड़ियांव, प्रबंध नगर में यादव चौराहे के पास लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आर0एम0सी0 प्लांट संचालित किया जा रहा था। इसी तरह एस0आई0पी0एल0 के प्रबंधक पवन सिंह व अन्य द्वारा यादव चौराहे के पास लगभग 100 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आर0एम0सी0 प्लांट संचालित किया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना अवैध रूप से निर्मित व संचालित दोनों आर0एम0सी0 प्लांट को सील कर दिया गया। इसके अलावा मड़ियांव व सैरपुर में अभियान चलाया गया। जहां याकूब, देशराज अग्रवाल, शिवेन्द्र मिश्रा, गोपाल अग्रवाल व अन्य द्वारा निर्मित किये जा रहे चार अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।
