डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महाराष्ट्र के पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री दत्ता मेघे का रविवार शाम 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके करीबी सहयोगी और नागपुर के पूर्व उपमहापौर रघुनाथ मालिकर ने इसकी पुष्टि की। उनके निधन से विदर्भ के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
दत्ता मेघे हिंगणा के विधायक संदीप मेघे और पूर्व विधान परिषद सदस्य सागर मेघे के पिता थे। वे नागपुर, रामटेक और वर्धा से चार बार कांग्रेस के लोकसभा सदस्य रहे और 2002 से 2008 तक राज्यसभा सांसद भी रहे। बाद में वे शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से जुड़े और 2014 में भाजपा में शामिल हो गए। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे, दो बेटियां और पोते-पोतियां हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दत्ता मेघे उनके बड़े भाई की तरह थे और उनका निधन बेहद दुखद है। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दत्ताभाऊ के जाने से विदर्भ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।”
