डेस्क। महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में शुक्रवार को रसायन बनाने वाली एक फैक्ट्री में विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम 11 लोग घायल हुए, ज्यादातर श्रमिक हैं। पुलिस के अनुसार यह हादसा मुंबई से लगभग 250 किलोमीटर दूर लोटे परशुराम एमआईडीसी के ‘डॉ. खान इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स’ (डीकेआईसी) परिसर में एक रिएक्टर में आग लगने के बाद हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट अपराह्न दो बजे हुआ। कर्मचारियों ने रिएक्टर में आग देखी, जो जल्दी ही धमाके में बदल गई। घायल लोगों में से चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें नवी मुंबई के बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है। बाकी घायल लोटे परशुराम के स्थानीय अस्पताल में उपचाराधीन हैं। आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल वाहन मौके पर तैनात किए गए और दो घंटे में स्थिति नियंत्रित कर ली गई। डीकेआईसी विभिन्न प्रकार के सिलिका आधारित रसायन और रासायनिक उत्पाद बनाती है, जो इस्पात, कपड़ा, पेंट और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे उद्योगों में उपयोग होते हैं।
