लखनऊ। राजधानी के पारा क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) में करोड़ों रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पुलिस ने मुख्य आरोपी बैंक मित्र शिवा राव की पत्नी, मां और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के दौरान अब तक 100 से अधिक पीड़ित खाताधारक सामने आ चुके हैं, जबकि खातों में 12 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, गबन की रकम से खरीदे गए जेवरात आरोपियों के कब्जे से बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 47 हजार रुपये नकद, एक कार, लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किया गया है।
इस मामले में मुख्य आरोपी शिवा राव और उसका सहयोगी दीपक पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अब खाताधारकों और बैंक कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से खातों में हेरफेर कर रकम निकाली जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत पड़ताल जारी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
