एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-4 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को बी0के0टी0 व पारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 08 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर किये गये अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-4 की टीम ने की।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि पारा के ग्र्राम-हंसखेड़ा व सदरौना में अभियान चलाया गया। इस दौरान विक्कू सिंह, योगेन्द्र, सतीश, अजय कुमार, चन्द्रभान, गुड्डू व अन्य द्वारा लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 03 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि बी0के0टी0 के ग्राम-राजपुर इन्दौर में अभियान चलाया गया। इस दौरान किशन गुप्ता, अभय सिंह, सुरेन्द्र कुमार, अनुज, सचिन यादव, नरेन्द्र पाठक व अन्य द्वारा लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल मे की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
