गिग वर्कर्स और श्रमिकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “12 साल विश्वास के, विकास के, जन-कल्याण के” अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 5 जून से 21 जून 2026 तक व्यापक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को अपर श्रमायुक्त, लखनऊ कल्पना श्रीवास्तव के निर्देशन में ऐशबाग औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक-सेवायोजक संवाद कार्यक्रम, औद्योगिक संबंध संहिता-2020 पर कार्यशाला तथा कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा औद्योगिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, विवाद निस्तारण तंत्र को प्रभावी बनाने तथा सामाजिक संवाद एवं सामूहिक सौदेबाजी के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
अपर श्रमायुक्त, लखनऊ की अध्यक्षता में मोहिबुल्लापुर, सीतापुर रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लेबर अड्डा इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में एकत्र श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा सुभाष मार्ग, लखनऊ में असंगठित क्षेत्र के गिग एवं प्लेटफॉर्म वर्कर्स (जेप्टो, जोमैटो, ब्लिंकिट एवं स्विगी) के पंजीकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रमिकों को राज्य एवं केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं ब्लॉक-बक्शी का तालाब क्षेत्र में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र श्रमिकों के पंजीकरण एवं आवेदन के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
