- आठ औद्योगिक इकाइयों को जारी होंगे लेटर ऑफ कंफर्ट
- शाहजहांपुर, गोरखपुर, ग्रेटर नोएडा, प्रयागराज, हाथरस, यमुना, मुरादाबाद में स्थापित होंगी औद्योगिक इकाईयां
- हजारों युवाओं और लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में 24,000 करोड़ रूपए के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। शाहजहांपुर, गोरखपुर, ग्रेटर नोएडा, प्रयागराज, हाथरस, यमुना, मुरादाबाद में औद्योगिक इकाईयां स्थापित होंगी। जल्द ही सभी कम्पनियों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किया जाएगा।
मंत्रिपरिषद की बैठक में ओएफबी टैंक प्राइवेट लिमिटेड को शाहजहांपुर में 589.98 करोड़ की लागत से एग्रो केमिकल्स प्लांट स्थापित करने, इंडिया ग्लाइकौल्स लिमिटेड को गोरखपुर में 669.93 करोड़ की लागत से एथेनॉल संयंत्र स्थापित करने, सीईएसी ग्रीन पॉवर लिमिटेड को यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं बुन्देलखण्ड में 3805 करोड़ रूपए की लागत से सोलर सैल प्लांट स्थापित करने के लिए, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को सरस्वती हाइटेक सिटी प्रयागराज में 269.31 करोड़ रूपए की लागत से कार्बनिटेड सॉफ्टड्रिंक, सोडा, प्रीफार्म मैन्युफैक्वरिंग प्लांट स्थापित करने के लिए, एजीआई ग्रीन पैक लिमिटेड की सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र हाथरस में 1128.72 करोड़ रूपए की लागत से एल्युमिनियम कैन विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए, इंटीग्रेटेड बेटरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 1146 करोड़ रूपए की लागत से सोलर सेल निर्माण तन्यन्त्र स्थापित करने के लिए, त्रिवेणी इंजीनियरिंग एण्ड इण्डस्ट्रीज लिमिटेड को 237 करोड़ रूपए की लागत से मुरादाबाद में एथेनाल इकाई स्थापित करने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। अवाडा इलेक्ट्रो लिमिटेड को दो सितम्बर 2025 को मंत्रि परिषद द्वारा परियोजना लागत 11,399 करोड़ के प्रस्ताव को प्रदान किए गए स्वीकृति को संशोधित कर 13,640.79 करोड़ के निवेष प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश निवेश का प्रमुख गंतव्य बन कर उभरा है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रत्येक निवेश प्रस्ताव को धरातल पर साकार करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एक-एक एमओयू को फॉलोअप करना और उसे मेच्योर होने तक निरन्तर प्रयास करना हमारी प्रतिबद्धता है। इसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश का प्रत्येक कोना औद्योगिक विकास की रौशनी से जगमगा रहा है। प्रत्येक निवेशक, प्रत्येक उद्यमी उत्तर प्रदेश का मित्र है। वह प्रदेश की औद्योगिक एवं आर्थिक विकास यात्रा का साथी है, सहयोगी है। इसी सोच और दृष्टि के साथ डबल इंजन वाली हमारी सरकार आगे बढ़ रही है।
