- प्रधानमंत्री ने बिहार के नालंदा में हुई दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की
- प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से अनुग्रह राशि की घोषणा की
डेस्क। नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मघड़ा शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भीषण भगदड़ मच गई। चैत्र मास के आखिरी मंगलवार को माता के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई, जिसने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण अचानक भगदड़ मच गई और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना पर नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री ने भी घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
