मिर्ज़ापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे हादसा बेहद भयावह हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान देववती (28), अनुराग (19) और अनमोल (5) के रूप में हुई है। सभी सोनपुर अहिरूपुर गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्य अनमोल का इलाज कराने के लिए घर से घाटमपुर जा रहे थे। इसी दौरान रोशनहर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक ने शवों को काफी दूरी तक घसीट दिया, जिससे घटनास्थल का दृश्य अत्यंत दर्दनाक हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर भारी भीड़ जमा होने से स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और जाम खुलवाया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं मासूम बच्चे की मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
