डेस्क। महाराष्ट्र के भंडारा से कांग्रेस सांसद डॉ. प्रशांत पडोले सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वह नागपुर एयरपोर्ट के लिए अपनी कार से रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली में संसद सत्र में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, नागपुर-भंडारा मार्ग पर एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार को भारी नुकसान पहुंचा। इस हादसे में सांसद के पैर में चोट आई है, जबकि उनके ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना को लेकर सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को टैग करते हुए सड़क सुरक्षा पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “सांसद नहीं सुरक्षित, तो आम जनता का क्या होगा?” बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वर्ष 2025 में डॉ. पडोले एक सड़क दुर्घटना में घायल हो चुके हैं, जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
